
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रविवार को भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा हो गई है। क्षेत्रीय कार्यालय में उत्तर, दक्षिण व ग्रामीण जिलों के अध्यक्षों की घोषणा एक कार्यक्रम के दौरान की गई है। चुनाव अधिकारी और प्रेक्षक भी मौके पर मौजूद रहें।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ से विजय मौर्य को भाजपा का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है। वह पहले महामंत्री थे। सर्वोदय नगर पारस इन होटल में राज्यसभा सदस्य डॉ दिनेश शर्मा, चुनाव अधिकारी डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और पर्यवेक्षक रजनीश महेश्वरी ने नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की।
हालांकि नामांकन करने वाले कई उम्मीदवार इस प्रक्रिया से बाहर दिखे। किसी तरीके का कोई भी विवाद नहीं हुआ। महानगर अध्यक्ष पर आनंद द्विवेदी के नाम की घोषणा की गई। आनंद द्विवेदी पहले भी महानगर अध्यक्ष थे।इटावा में भाजपा के नए जिलाध्यक्ष की आज ताजपोशी हो गई। रविवार को जिला चुनाव अधिकारी वीरेंद्र तिवारी द्वारा पार्टी कार्यालय पर इसकी घोषणा की गई। उन्होंने जिला कार्यालय पर महामंत्री अरुण कुमार गुप्ता अन्नू के जिलाध्यक्ष बनने की घोषणा की।
अन्नू गुप्ता वर्ष 2000 में सबसे पहले कटरा बलसिंह वार्ड से भाजपा के सभासद बने थे। वे छह साल से जिला महामंत्री के पद पर हैं। नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव इनकी पत्नी विनीता गुप्ता वर्ष 2018 में लड़ चुकी हैं। अरुण कुमार गुप्ता को शहर के वैश्य वर्ग में प्रभावशाली नेता माना जाता है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कई साल से संगठन से जुड़े रहकर काम करते हुए उनका अच्छा खासा अनुभव हो गया था। जनपद स्तर पर भी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पहचान मानी जाती है।रामपुर जिले में पार्टी ने हरीश गंगवार को नया जिलाध्यक्ष घोषित किया है।
फिरोजाबाद से सतीश दिवाकर बने भाजपा महानगर अध्यक्ष।आगरा से राजकुमार गुप्ता भाजपा महानगर अध्यक्ष बने। ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर हुई घोषणा। प्रशांत पौनिया को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।
जिला चुनाव अधिकारी कामेश्वर सिंह और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जिलाध्यक्ष पद की घोषणा की। वीर सिंह को पुन: जिलाध्यक्ष बनाया गया। वीर सिंह ने छात्र राजनीति से सियासी पारी शुरू की थी। खैरनगर क्षेत्र के वीरहार निवासी वीर सिंह भदौरिया ने वर्ष 1998 में शहर के पीएसएम डिग्री कालेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था। वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें लोकसभा क्षेत्र संयोजक पद की जिम्मेदारी निभाई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए मौजूद जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया समेत 17 भाजपा नेताओं ने आवेदन किया था।
लगातार दूसरी बार निर्भय पांडेय बने जिलाध्यक्ष
मथुरा से भाजपा ने जातिगत समीकरणों को साधते हुए संगठन में एक बार फिर ब्राह्मण और पिछड़ा वर्ग का दांव खेला। निर्भय पांडेय को लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष की कुर्सी मिल गई। वहीं महानगर अध्यक्ष राजू यादव को बनाया गया है। हालांकि यादव समाज के मतदाताओं की संख्या बहुत अधिक नहीं है, लेकिन पिछड़ा वर्ग को ध्यान में रख राजू को ये जिम्मेदारी दी गई।राजू वर्तमान में महानगर में महामंत्री हैं। वह शुरू से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। पुष्पांजलि भवन स्थित पार्टी कार्यालय में रविवार को प्रदेश नेतृत्व से मिले निर्देश पर ये घोषणा की गई। चुनाव पर्यवेक्षक अनिल चौधरी, जिला चुनाव अधिकारी नवाब सिंह नागर और महानगर चुनाव अधिकारी विमल शर्मा की मौजूदगी में ये घोषणा की गई।
कानपुर देहात से रेणुका सचान बनीं भाजपा जिलाध्यक्ष
कानपुर देहात : भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान जिलाध्यक्ष बनीं हैं। जिले में पहली बार महिला चेहरे को जिम्मेदारी मिली है। अभी वह महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष थीं।
भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष पद की घोषणा हुई। चुनाव अधिकारी पूर्व मंत्री डा सतीश द्विवेदी ने उनके नाम की घोषणा की और बधाई दी। वह गांव क्षेत्र में अधिक राजनीति में सक्रिय रहीं और पूर्व में बीडीसी भी रहीं हैं।उन्नाव से जिला उपाध्यक्ष अनुराग अवस्थी भाजपा के जिलाध्यक्ष बने उन्नाव : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति में कदम रखने वाले भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा, संगठन के दायित्वों का लगन के साथ निर्वहन कर आखिर जिले में संगठन का सबसे ऊंचा ओहदा हासिल कर लिया । भाजपा निर्वाचन अधिकारी रामबाबू हरित ने रविवार को पार्टी कार्यालय में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में हुए वर्तमान उपाध्यक्ष अनुराग अवस्थी को भाजपा का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।
मूलत: बदरका अचलगंज और वर्तमान समय में शहर के सिविल लाइंस में रहने वाले नये भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुराग अवस्थी राजनीति शास्त्र में एमए हैं। 1988 से 1992 में वह भाजपा में आए। 1995 से 2017 तक वह भाजपा से चार बार नगर पालिका परिषद उन्नाव के सदस्य निर्वाचित हुए। भाजपा में प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, दो बार जिला मीडिया प्रभारी रहे। इस समय वह भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं। नये जिलाध्यक्ष ने कहा पार्टी के प्रति निष्ठा और संगठन के कार्यों में लगनशीलता से यह पद मिला है।