जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज में पथराव, पुलिस से झड़प और आगजनी, देर रात तक 40 गिरफ्तार

 
Hhb

प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद उपद्रवियाें ने बवाल कर दिया। पुलिस पर पथराव किया गया और पीएसी की गाड़ी में आग लगाई। पुलिस के साथ ही पीएसी व आरएएफ ने मोर्चा संभाल लिया। पथराव करने वालों में छोटे बच्‍चे थी थे। उपद्रवियों को भगाने के लिए पुलिस ने डंडा फटका तो गलियों में भाग गए। वहां से भी पथराव करने लगे। इसमें आरएएफ, पुलिस कर्मियों और मीडिया कर्मियों के साथ आम लोग चोटिल हुए। उपद्रवियों ने पीएसी के वाहन में आग लगा दी। हालांकि तत्‍काल आग पर काबू पा लिया गया। देर रात तक पुलिस ने 40 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। धरपकड़ का काम जारी है।

छोटे बच्चे भी कर रहे थे पथराव : पथराव करने में युवाओं का साथ दे रहे थे छोटे बच्‍चे। गलियों से वे भी पत्‍थरबाजी करने लगे। जानकारी मिली है कि पुलिस के कुछ कर्मियों के साथ मीडिया कर्मी समेत कई अन्‍य लोगों को भी चोटें आई हैं। कई थानों की फोर्स के साथ ही पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

धड़ाधड़ बंद होने लगीं दुकानें : प्रयागराज में बवाल के बाद चौक और घंटाघर में धड़ाधड़ दुकानें बंद होने लगीं। वहीं अन्‍य इलाकों में भी बवाल की जानकारी होने पर वहां के दुकानदारों ने भी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्‍थान पर पहुंच गए। मालवीय नगर, घंटाघर, चौक, करेली आदि इलाकों में ऐसा नजारा दिखा।

मार्गों पर बैरिकेडिंग : जंक्शन के सामने से नुरुल्लाह रोड पर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। पुलिस ने वहां बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों को उधर जाने से रोका जा रहा है। दोपहिया वाहन चार पहिया वाहन सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। हालांकि पथराव व बवाल की जानकारी मिलने पर सड़कों पर आवाजाही भी कम हो गई।

आरएएफ की गाड़ी में भी लगाई आग, तुरंत बुझा दिया गया : उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव के साथ ही वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचाया। जगह-जगह वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। लोग दहशत में घरों में दुबके हुए थे। बवाल को रोकने के लिए प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर से भी फोर्स बुलाई गई।