बेगूसराय में मिला दुर्लभ प्रजाति का सांप, कीमत 25 करोड़

 
Oo

बिहार के बेगूसराय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सतीश कुमार झा के प्रयास से बुधवार को नींगा बरौनी से मिला दुर्लभ प्रजाति का दोमुंहा सांप रेड सैंड बोआ को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। बाजार में इस सांप की कीमत करीब 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

नींगा के रंजीत दास ने खेत से एक दो मुहा सांप को पकड़ा। बाद में सांप को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के पास पहुंचा तो बेगूसराय के डीएफओ को इसकी सूचना दी गई। सतीश कुमार झा के पास सांप को कंटेनर में पेश किया गया। डीएफओ ने बेगूसराय सदर के वनकर्मी को भेजकर सांप को संजय गांधी जैविक उद्यान, पटना भिजवा दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सांप की विदेशों में बहुत अधिक मांग है। विशेष कर चीन में यह माना जाता है कि इस सांप के मांस से यौनशक्ति में भारी वृद्धि होती है। यह सांप शांत स्वभाव का होता है।

इसमें जहर नहीं होता है। इससे महंगा परफ्यूम बनाया जाता है। साथ ही कैंसर व ताकत बढ़ाने वाली दवा बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। रेतीली सतहों पर रहने के कारण दो मुंहा सांप रेड सैंड बोआ कहलाता है। यह रात में निकलता है और चूहों को उनके बिल में घुसकर खा जाता है। दूसरे सांपों का भी शिकार करता है।