रातो रात लखपति बनी पन्ना की आदिवासी महिला, मामूली चमकीला पत्थर समझ कर ले आयी थी घर

 
Gjj

क्या आपने कभी सुना है कि कोई रास्ते में चलते-चलते लखपति बन गया हो। जी हां, यह मध्यप्रदेश की रत्नगर्भा धरती पन्ना में हुआ है। यहां एक गरीब आदिवासी महिला जंगल लकड़ी लेने गई थी। उसे कच्चे रास्ते में बेशकीमती 4 कैरेट 39 सेंट का हीरा मिला है। जिसे उसने हीरा कार्यालय में पहुंचकर जमा करवा दिया है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पन्ना नगर के वार्ड नंबर 27 पुरषोत्तम पुर की निवासी गेंदा बाई आदिवासी 25 जुलाई सोमवार की सुबह जेल के पीछे जंगल लकड़ी बीनने के लिए गई थी। तभी उसे रास्ते में एक चमकीला पत्थर दिखाई दिया। जिसे उठा लिया और घर आकर अपने पति को बताया। लेकिन, पति-पत्नी उस चमकीले पत्थर की पहचान नहीं कर पाए। दो दिन घर में रखने के बाद बुधवार की सुबह महिला अपने पति के साथ सीधे हीरा कार्यालय पहुंची।

महिला ने हीरा पारखी अनुपम सिंह को चमकीला पत्थर दिखाया। तब पता चला यह मामूली पत्थर नहीं है। बल्कि बेशकीमती हीरा है। जिसका वजन 4 कैरेट 39 सेंट है और अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख बताई जा रही है। इसे हीरे को कार्यालय में जमा करवा दिया गया है। जिसे आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा और नीलामी में 12 परसेंट रॉयल्टी एव 1 परसेंट टैक्स काटकर बाकी रकम गरीब महिला के खाते में डाल दी जाएगी।

हीरा पाने के बाद महिला गेंदा बाई आदिवासी ने बताया कि घर की हालत बहुत कमजोर है। लकड़ी बेचकर एवं मजदूरी कर घर का खर्च चलता है। चार बेटे एवं दो बेटियां शादी के लायक है इसलिए अब हीरा से मिलने वाली रकम से बेटियों की शादी करेंगे। घर मकान भी बनाएंगे। महिला ने बताया कि एक बेटी की शादी की उम्र हो चुकी थी। जिसकी चिंता सता रही थी। अब भगवान जुगल किशोर सरकार ने सुन ली। बेटियों की शादी हो जाएगी एवं घर की माली हालत में सुधार हो जाएगा।