शाहजहांपुर में पुलिस ने कराई फर्जी वोटिंग सपा प्रत्याशी के घर पर फायरिंग

पुलिस ने भाजपा समर्थकों को लाठियों से पीटा।
 
Election 2022

शाहजहांपुर में मतदान के दौरान बड़ा बवाल हो गया। भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा ने पुलिस पर रुपए लेकर सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा के पक्ष में वोट डालने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस पर उनके समर्थकों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने पहले तो लोगों को समझाने की कोशिश की, जब नहीं माने तो जमकर लाठी भांजी। इसके बाद भाजपा खेमे में आक्रोश बढ़ गया। कुछ लोग प्रत्याशी सलोना के साथ थाने में जमा रहे तो वहीं कुछ ने सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा के घर पर हल्ला बोल दिया।

आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोशनलाल वर्मा के घर पर पथराव और फायरिंग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली है। मौके से खोखे बरामद हुए हैं। तनाव के चलते पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई है। अफसर भी मौके पर पहुंचे हैं।

निगोही कस्बे के इस मतदान केंद्र से बढ़ा विवाद

दरअसल, मामला निगोही कस्बे के आदर्श इंटर कॉलेज मतदान केंद्र का है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे यहां पर भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा समर्थकों के साथ पहुंचीं। सलोना कुशवाहा की मानें तो उनके समर्थकों ने बूथ पर फर्जी मतदान को पकड़ लिया। उन्होंने पुलिस पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। सलोना ने कहा कि पुलिस रुपए लेकर सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा के पक्ष में वोट डलवा रही है। सलोना के मुताबिक, जब उन्होंने इंस्पेक्टर को फोन किया तो उनसे अभद्रता की गई।

इससे नाराज कार्यकर्ता निगोही थाना घेरकर हंगामा और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वो नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। 6--7 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

कार्यकर्ताओं की लाठी चार्ज होने पर और कार्यकर्ता निगोही थाना पहुंचे हैं। मौके पर भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा भी मौजूद हैं। पुलिस के आला अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। बता दें, सलोना कुशवाहा तिलहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी हैं।