अभिषेक बच्चन के व्यवहार पर टीका-टिप्पणी करते नजर आए अनुराग! बोले- शुरुआत में थे काफी रूखे

इस बात से तो सभी वाकिफ हैं कि अनुराग कश्यप और अभिषेक बच्चन के रिश्ते एक वक्त पर काफी तल्ख रहे थे। हालांकि, बाद में दोनों ने गिले-शिकवे दूर कर फिल्म 'मनमर्जियां' में साथ काम किया। इसके बाद कई बार अनुराग कश्यप ने अभिषेक की तारीफ की है। मगर, हाल ही में वह अभिषेक बच्चन के शुरुआती व्यवहार पर टिप्पणी करते नजर आए। एक इंटरव्यू के दौरान अनुराग कश्यप ने कहा कि इंडस्ट्री में आने के बाद शुरुआत में अभिषेक बच्चन का व्यवहार काफी रूखा था। जूनियर बच्चन को लेकर अनुराग कश्यप ने और क्या कहा? आइए जानते हैं...
बता दें कि अनुराग कश्यप ने फिल्म 'युवा' (2004) के दौरान अभिषेक के साथ बतौर डायलॉग राइटर काम किया था। वहीं, फिल्म 'मनमर्जियां' में बतौर निर्देशक काम कर चुके हैं। अनुराग कश्यप ने कहा कि जब पहली बार उन्होंने अभिषेक बच्चन के साथ काम किया तो अभिषेक चीजों को गंभीरता से नहीं लिया करते थे। हालांकि, बाद में 'मनमर्जियां' के दौरान अभिषेक बच्चन का व्यवहार बिल्कुल अलग था। बता दें कि फिल्म 'युवा' में अभिषेक बच्चन के अलावा विवेक ओबेरॉय, अजय देवगन, रानी मुखर्जी, करीना कपूर, ईशा देओल भी नजर आए
अनुराग कश्यप ने कहा, 'मैंने और अभिषेक ने फिल्म 'युवा' में साथ काम किया। मैंने फिल्म के लिए डायलॉग लिखे थे। उस फिल्म में मेरे भाई ने भी काम किया। हमने अभिषेक के साथ उस फिल्म की डबिंग पर भी काफी काम किया था... अभिषेक बहुत मेहनती इंसान हैं। संस्कारी हैं। उन्हें खाने-पीने का काफी शौक है। लेकिन, शुरुआत में अभिषेक का व्यवहार काफी रूखा था। चीजों को गंभीरता से न लेते हुए वह हर चीज का मजाक बनाया करते थे।'