Kisan Andolan: आज होगा खनौरी में मारे गए शुभकरण का अंतिम संस्कार, बहन को मिलेगी कांस्टेबल की नौकरी
पंजाब में शंभू व खनौरी सीमा पर किसानों का आंदोलन जारी है। देर रात 11 बजे खनौरी सीमा पर मारे गए किसान शुभकरण सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया था। शुभकरण मौत मामले में पंजाब पुलिस ने पटियाला के पातड़ां थाने में अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पंजाब पुलिस ने धारा 302 और 114 के तहत जीरो एफआईआर अज्ञात व्यक्तियों पर दर्ज की है। पंजाब सरकार शुभकरण की बहन को एक करोड़ की वित्तीय मदद और पंजाब पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी देगी। शुभकरण का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
21 फरवरी को किसानों के दिल्ली कूच की कॉल पर करीब 11.30 बजे पुलिस प्रशासन व किसानों के बीच टकराव हो गया था। इस दौरान शुभकरण को गोली सिर में गोली लगी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी उसके बाद किसानों ने शुभकरण के शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया था किसानों ने कहा था कि पहले शुभकरण को न्याय मिलना चाहिए और गोली मारने वालों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए जिसके बाद वह शुभकरण का पोस्टमार्टम करवाएंगें। शुभकरण के शव का पोस्टमार्टम बुधवार रात को हुआ। आज शुभकरण के शव को दातासिहं वाला बॉर्डर पर किसानों के बीच लाया गया। इस दौरान मौजूद किसानों ने किसान शुभकरण अमर रहे के नारे लगाए और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद शुभकरण के शव को उसके पैतृक गांव में ले जाया जाएगा जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान काफी संख्या में हरियाणा और पंजाब के किसान मौजूद रहे।
केंद्र सरकार किसानों से बातचीत को तैयार : मुंडा
केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ वार्ता के लिए तैयार है। वह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) सोसाइटी की सालाना आम बैठक से इतर बोल रहे थे। बता दें कि केंद्र सरकार व किसानों के बीच अब तक चार दौर की बातचीत हो चुकी है, पर कोई समाधान नहीं निकला। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान दिल्ली मार्च पर अड़े हैं।