सहरसा के सोनबरसा विधानसभा में प्रियंका गांधी की चुनावी सभा, एनडीए पर साधा निशाना!!

सहरसा के सोनबरसा में प्रियंका गांधी ने सभा में एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा—बिहार में 20 साल से एक ही सरकार है, जो जनता के वोट और अधिकार छीन रही है।
(सहरसा , बिहार) :
सोनबरसा विधानसभा क्षेत्र के उच्च विद्यालय परिसर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। वह अपनी पार्टी की उम्मीदवार सरिता पासवान के समर्थन में सोनबरसा पहुंचीं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बिहार में पिछले 20 वर्षों से एक ही सरकार चल रही है। यह सरकार नीतीश जी नहीं चला रहे हैं, बल्कि केंद्र में बैठे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री चला रहे हैं। आज बिहार में मुख्यमंत्री तक का सम्मान नहीं रह गया है। जब मुख्यमंत्री की ही सुनवाई नहीं हो रही है, तो आम जनता की सुनवाई कहां से होगी?”

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा, “मोदी जी और अमित शाह जी हमेशा अतीत की बातें करते हैं। अगर आज आपके नल से पानी नहीं आ रहा है, तो कहते हैं कि यह जवाहरलाल नेहरू या इंदिरा गांधी की गलती होगी। जब भी चुनाव आता है, वे किसी न किसी राज्य या नेता का अपमान कर देते हैं — कर्नाटक गए तो कहा कि वहां विपक्ष ने उनका अपमान किया, बंगाल गए तो बंगाल का अपमान बताया, बिहार आए तो बिहार का अपमान बता दिया। मोदी जी, आप एक नया मंत्रालय खोल लीजिए — ‘अपमान मंत्रालय’। जो भी किसी का अपमान करे, उसकी सूची वही मंत्रालय तैयार कर दे।”

उन्होंने आगे कहा कि देश का संविधान जनता को एक शक्ति दी है — वोट की शक्ति, और अब जनता को उसका सही इस्तेमाल करना चाहिए। “यह एनडीए की सरकार आपके वोट के अधिकार को खतरे में डाल रही है। आपने वोट चोरी का नाम सुना है — 65 लाख नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। इसका अर्थ है कि 65 लाख नागरिकों का अधिकार छीन लिया गया है। यह नागरिकता समाप्त करने की दिशा में उठाया गया कदम है,” उन्होंने कहा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जो नेता आपके वर्तमान की समस्याओं पर बात करता है और आपके भविष्य के बारे में सोचता है, वही सच्चा नेता है।



